पतहर

पतहर

राजनीति व साहित्य दोनों समाज को जोड़ने का काम करते : प्रो श्रीप्रकाश मणि

* युवा कवि आशुतोष त्रिपाठी के काव्य संग्रह मेरे भीतर का मैं लोकार्पण 

(पतहर समाचार)

देवरिया।युवा कवि आशुतोष त्रिपाठी के काव्य संग्रह मेरे भीतर का मैं लोकार्पण करते हुए बतौर मुख्य अतिथि इंदिरा गांधी राष्ट्रीय जनजातीय विश्वविद्यालय, अमरकंटक के कुलपति प्रो. श्रीप्रकाश मणि ने कहा कि अपने भीतर के मैं को पहचानना हमारी वैदिक परंपरा में है, सुधार सिर्फ राजनीति से होगा, साहित्य को समाज का दर्पण कहा गया है। साहित्य और राजनीति दोनों का ध्येय बेहतर समाज बनाना है।


 भाषा की चर्चा करते हुए कहा कि नयी शिक्षा नीति में हिंदी को महत्व दिया गया है, उन्होंने कहा कि राजनीति व साहित्य दोनों समाज को जोड़ने का काम करते हैं।

उन्होंने कहा कि इस संग्रह में हमारी वैदिक परंपरा की तलाश है,इसमें वह सत्य निहित है जो अपराजित होता है। रचनाएं हमारे समय को दर्शाती हैं, राजनीति की  दिशा सही हो इसका दायित्व साहित्यकार पर होता है। साहित्य में समाज ही नहीं, राजनीति दिखाई देती है। दोनों का ध्येय है कि बेहतर समाज, बेहतर राष्ट्र और बेहतर मनुष्य बने।

स्वागत करते हुए नागरी प्रचारिणी सभा के मंत्री इंद्र कुमार दीक्षित ने कहा कि साहित्य उत्पीड़ित समाज के प्रति औषधि का कार्य करता है, एक सौ वर्ष से ऊपर अवधि से नागरी प्रचारिणी सभा साहित्य की ज्योति जलाने का कार्य कर रही है, मेरे भीतर का मैं संग्रह इस दिशा में मील का पत्थर बनेगा।

कवि आशुतोष त्रिपाठी ने कहा कि यह विलक्षण संयोग है कि राजनीति और साहित्य के पुरोधा एक ही साथ एक मंच पर मौजूद हैं। उन्होंने अपने काव्य संग्रह की पहली कविता का वाचन किया।

कार्यक्रम में उपस्थित सदर विधायक डॉक्टर सत्यप्रकाश मणि त्रिपाठी ने कहा कि साहित्य समाज और राजनीति की प्रेरणा ही नहीं देता मार्गदर्शन भी देता है। उन्होंने अपनी विजय के लिए नागरी प्रचारिणी सहित सभी का आभार जताया। उन्होंने कहा कि नागरी प्रचारिणी अपने उत्कृष्ट कार्य के जरिए समाज में साहित्यिक अभिरुचि पैदा कर रही है।

   समारोह की अध्यक्षता नागरी प्रचारिणी सभा के अध्यक्ष आचार्य परमेश्वर जोशी ने किया। उन्होंने कहा कि सुखद संयोग है कि नवयुवक साहित्य में आगे आ रहे हैं।नागरी प्रचारिणी उनको संरक्षण दे रही है।

समारोह का उद्घाटन मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण कर हुआ। इसके पश्चात नागरी प्रचारिणी सभा की ओर से नवनिर्वाचित विधायक डॉ सत्य प्रकाश मणि त्रिपाठी का सम्मान भी किया गया।

 कार्यक्रम में डॉक्टर दिवाकर प्रसाद तिवारी,विनय कुमार वरनवाल,सरोज पांडेय, गोपाल कृष्ण, डॉ मधु सूदन मणि, त्रिपाठी,अनिल कुमार त्रिपाठी, देवेंद्र मिश्र, शांति स्वरूप दुबे, सूर्यनारायण सूर्य, धीरेंद्र मणि, चक्रपाणि ओझा, देवेंद्र मणि, सौदागर सिंह, डॉ मिथिलेश सिंह, डॉ अभय द्विवेदी, डॉ प्रेमशीला शुक्ल, विभूति नारायण ओझा, गोपाल त्रिपाठी, डॉ महेश सिंह, नीरज सिंह, अखिलेश जयसवाल, जीवन बरनवाल, आद्या प्रसाद, शुक्ला,पौहारी शरण, वीरेंद्र सिंह, देवानंद राय, वरुण पांडेय, सोमेश्वर सिंह, तारकेश्वर, अरविंद किशोर, राजेंद्र त्रिपाठी, हरेराम दीक्षित, अमित मिश्र, प्रवीण मिश्रा, शुभम त्रिपाठी, श्रेयस, हिमांशु मिश्र, बृजेश पांडेय, श्रीमती दुर्गा पांडेय, वृद्धि चंद विश्वकर्मा सहित तमाम लोग सहभागी रहे। कार्यक्रम का संचालन डॉक्टर भावना सिन्हा ने किया।

Post a Comment

0 Comments